अलवर , जून 26 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ के टहला थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने गुरुवार को देर रात आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रोंं ने शुक्रवार को बताया कि राहुल मीणा बसवा जिला दौसा का है। उसे जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। वहां से वह भागने के फिराक में था। इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मी लगाये थे। गुरुवार की शाम को जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने आरोपी की सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी।

पुलिस ने बताया कि सैकड़ों जगह सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये थे। खुद जयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश इस मामले में टहला थाना पहुंचे । उन्होंने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। उसके बाद ही मामले का खुलासा होगा। इस संबंध में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली और नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया के जरिए कानून व्यवस्था पर प्रश्न करते हुए ऐसे मामलाें की सुनवाई त्वरित सुनवाई न्यायालय में करके कठोर दंड देने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को आरोपी टहला क्षेत्र के गांव से पांच वर्ष की बालिका को टॉफी दिलाने के बहाने अपनी मोटर साइकिल पर सूने स्थान की ओर ले गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित