जालौन , सितंबर 17 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में गुरुवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जालौन जिले में 'सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत पांच लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। सायं सात बजे एक साथ जले दीपों से गांव से लेकर शहर तक प्रमुख सार्वजनिक, धार्मिक और सरकारी स्थल रोशन हो उठे।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, सम्मान, सहभागिता और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश देना रहा। जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर लोगों का उत्साह बढ़ाया। माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन और जिलाधिकारी समीर ने पचनद में, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने जालौन तालाब में, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कालपी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी ने उरई में दीप प्रज्ज्वलित किए।
जिले के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, नदी घाट, मंदिर, पार्क, विद्यालय, महाविद्यालय और चिकित्सालयों में दीप प्रज्ज्वलन किया गया। जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी, आरोग्य मंदिर, कलेक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस थानों, विकासखंड कार्यालयों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत कार्यालयों तथा पंचायत भवनों को भी दीपों से सजाया गया।
केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित परिवारों ने भी अपने घरों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, राशन दुकानों, वृद्धाश्रम सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। पचनद के नदी तट से जालौन तालाब और कालपी तक दीपों की श्रृंखला ने सेवा, सम्मान और जनभागीदारी का संदेश दिया। प्रशासन के अनुसार यह आयोजन महज दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित न रहकर व्यापक जनसहभागिता का कार्यक्रम बना।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित