बैतूल , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की शाहपुर पुलिस ने लगभग पांच लाख रुपये की चोरी के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को छिंदवाड़ा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ चोरी और संपत्ति संबंधी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे और एसडीओपी शाहपुर राजेश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस ने ग्राम नीलकंठी, जिला छिंदवाड़ा निवासी कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू (38) को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार 18 फरवरी 2026 को ग्राम सालीमेट निवासी रश्मि धुर्वे के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में शाहपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट और डॉग स्क्वॉड ने किया था तथा तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी जितेन्द्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने कृष्ण कुमार चौरे के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी, जिसके बाद फरार आरोपी पर इनाम घोषित किया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने शाहपुर क्षेत्र की चोरी के अलावा बैतूल बाजार क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इन मामलों में उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

पुलिस पहले ही आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, वारदात में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार सहित लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद कर चुकी है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित