बैतूल , जुलाई 25 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की शाहपुर पुलिस ने करीब पांच माह पहले हुई पांच लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार गत 18 फरवरी को शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सालीमेट निवासी रश्मि धुर्वे के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने घर में प्रवेश किया था। आरोपियों ने आलमारी और अन्य ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में शाहपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे और एसडीओपी राजेश तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट, डॉग स्क्वॉड और अंगुल चिन्ह विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने नरसिंहपुर जिले के पलोहा थाना क्षेत्र के ग्राम भटेरा निवासी जितेन्द्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने छिंदवाड़ा जिले के कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात तथा वारदात में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार सहित करीब पांच लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। फरार आरोपी कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी अथवा सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि लंबे समय तक घर बंद छोड़ने की स्थिति में स्थानीय पुलिस और पड़ोसियों को अवश्य सूचना दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित