रोम , मई 20 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की छह दिन की सफल यात्रा के बाद बुधवार रात यहां से स्वदेश रवाना हो गए।

श्री मोदी यात्रा के अंतिम चरण में मंगलवार को यहां पहुंचे थे।

दो दिन की यात्रा के संपन्न होने के बाद स्वदेश रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि उनकी इटली यात्रा पूरी तरह सफल रही। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण परिणाम भारत-इटली संबंधों को एक विशेष रणनीतिक साझेदारी तक उन्नत करने का हमारा निर्णय रहा, जो आने वाले वर्षों में हमारे सहयोग को नई गति प्रदान करेगा।

श्री मोदी ने कहा, " इटली की अत्यंत सफल यात्रा का समापन हो रहा है। मेरी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ चर्चाओं में अनेक क्षेत्रों को शामिल किया गया। इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण परिणाम भारत-इटली संबंधों को एक विशेष रणनीतिक साझेदारी तक उन्नत करने का हमारा निर्णय रहा, जो आने वाले वर्षों में हमारे सहयोग को नई गति प्रदान करेगा। मैं प्रधानमंत्री मेलोनी, इटली की सरकार और इटली के अद्भुत लोगों को उनकी मित्रता के लिए धन्यवाद देता हूँ।"श्री मोदी ने इटली में अपनी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इससे पहले उन्होंने इटली के राष्ट्रपति से भी मुलाकात की।

मंगलवार को यहां पहुंचने पर सुश्री मेलोनी ने उनके सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया था।

प्रधानमंत्री 15 मई को पांच देशों संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की 6 दिन की यात्रा पर रवाना हुए थे ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित