चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 17 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर थाना क्षेत्र में पुलिस एवं जिला विशेष दल (डीएसटी) ने पांच क्विंटल से अधिक अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस और डीएसटी के संयुक्त दल ने बबराणा-दाता रोड पर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान दाता की ओर से आती एक संदिग्ध स्कार्पियो गाड़ी पुलिस दल एवं सरकारी वाहन को देखकर तेज गति से भागने लगी। पुलिस दल ने वाहन का पीछा किया तो चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि वाहन की नियमानुसार तलाशी लेने पर उसमें काले रंग के 25 प्लास्टिक कट्टों में कुल पांच क्विंटल चार किलो अवैध अफीम डोडा चूरा भरा हुआ मिला। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित