उज्जैन , जून 01 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन नगर निगम ने सिंहस्थ क्षेत्र की लगभग एक हेक्टेयर भूमि से अतिक्रमण हटाकर उसे मुक्त कराया है। निगम के अनुसार इस भूमि का अनुमानित मूल्य पांच करोड़ रुपये से अधिक है।
नगर निगम द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि जूना सोमवारिया क्षेत्र में पानी की टंकी के समीप स्थित सिंहस्थ क्षेत्र की इस भूमि पर अवैध रूप से 18 से 20 मकान, दुकान और गोदाम निर्मित कर लिए गए थे।
निगम के अनुसार मामले को लेकर न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन था। उच्च न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश निरस्त किए जाने के बाद निगम ने कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान निगम के अधिकारियों और अमले की मौजूदगी में अवैध निर्माण हटाए गए। निगम ने कहा कि सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि को संरक्षित रखने के लिए आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित