अल्मोड़ा , मार्च 28 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा के काकड़ीघाट स्थित कर्कटेश्वर महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण 05 करोड़ की लागत से होगा।

प्रदेश की केबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने शनिवार को विधिवत रूप से सौन्दर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मानसखंड माला मिशन के अंतर्गत इस प्राचीन मंदिर के विकास के लिए लगभग 4.98 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है और कर्कटेश्वर महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह स्थल स्वामी विवेकानंद की तपस्थली के रूप में भी प्रसिद्ध है, जिससे इसकी आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्ता और बढ़ जाती है। सरकार ऐसे पवित्र स्थलों के संरक्षण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने कहा कि काकड़ीघाट जैसे स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बुनियादी ढांचे का विस्तार भी तेजी से किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित