देहरादून , मई 22 -- उत्तराखंड के देहरादून जिला के थाना रायपुर पुलिस ने शुक्रवार को पहाड़ के भोलेभाले लोगों तथा फौजियों को भूमि बेचने के नाम पर ठगी करने वाले वांछित 20 हजार रुपये के ईनामी अभियुक्त सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन अभियुक्तों द्वारा पीडित को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किसी अन्य की भूमि बेच कर 30 लाख रुपए की धोखाधडी की थी। इनमें एक आरोपी के विरूद्ध जिले के विभिन्न थानों में गैगस्टर सहित भूमि धोखाधडी के 24 से अधिक मामले दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि वर्ष 2025 में 15 अक्टूबर को विक्रम सिंह पुत्र फूल चन्द निवासी मकान नंबर 135 विकास लोक, लेन नंबर तीन सहस्त्रधारा रोड अधोईवाला, देहरादून ने थाना रायपुर पर भूमि सम्बन्धी ठगी की लिखित तहरीर दी। जिसके अनुसार अभय कुमार पुत्र केशव सिंह निवासी 83/5 राजेन्द्र नगर, गली नंबर 10 लेन नंबर एक कौलागढ रोड देहरादून, प्रदीप सकलानी पुत्र भूदेव सकलानी निवासी ग्राम पुजार गांव सत्यों सकलाना, टिहरी गढ़वाल, हाल पता निवासी लार्ड कृष्णा ग्रीन बी-ब्लाक फ्लैट नंबर 503 केदारपुरम दून यूनिवर्सिटी देहरादून और अजय सजवाण पुत्र नामालूम निवासी ग्राम बझेत मालदेवता रायपुर देहरादून द्वारा ग्राम सौंडा सरोली, परगना परवादून, जिला देहरादून स्थित भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उक्त भूमि को अपने किसी परिचित की बताते हुए उन्हें उक्त भूमि बेचने के नाम पर 30 लाख रुपये की धोखाधडी की गई।
उन्होंने बताया कि लिखित तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा सम्बन्धित धाराओं में पंजीकृत किया गया। उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि अभियुक्तों द्वारा वादी को उक्त भूमि अपने किसी परिचितों की बताते हुए स्वयं को उक्त भूमि विक्रय करने के लिए अधिकृत बताया गया था। साथ ही एक विक्रय अनुबंध पत्र तैयार कर वादी से तीस लाख रुपये बयाना के तौर पर प्राप्त किये गये। आरोपियों द्वारा जिन व्यक्तियों को उक्त भूमि का स्वामी बताया गया था वे उसके वास्तविक स्वामी नहीं थे तथा भूमि के वास्तविक स्वामियों द्वारा अभियुक्तों को भूमि विक्रय के लिए कोई अधिकार प्रदान नहीं किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित