शेखपुरा, अगस्त 24 -- शेखपुरा जिले में नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरदासपुर पहाड़ी की खाई में रविवार को डूबने वाले 14 वर्षीय किशोर का शव आज बरामद हुआ है।

घटना के लगभग 20 घंटे बाद किशोर का शव खाई में जमा पानी से खुद ब खुद ऊपर आ गया। सुबह के समय स्थानीय ग्रामीणों ने किशोर के शव को देखा और इसकी जानकारी स्थानीय नगर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और एएसआई पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। उसके बाद डीएम शेखर आनंद, एसपी हिमांशु , एसडीओ प्रियंका कुमारी, एडीएम लखींद्र पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद मृतक का शव पानी से भरे खाई से निकालकर उसे पुलिस निगरानी में पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया गया है।

मृत किशोर नगर थाना क्षेत्र के करिहो गांव का संजय यादव का पुत्र अमन कुमार उर्फ प्रियांशु है, जो कि शेखपुरा शहर के एक निजी स्कूल में 7 वीं कक्षा का छात्र था।

रविवार की सुबह किशोर अपने चार-पांच अन्य मित्रों के साथ पहाड़ी के खाई में जमा पानी में स्नान करने आया था।इसी दौरान वह गहरे गड्ढे में फंस गया और पानी में डूब गया।

थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि घटना के संबंध में मृतक के आश्रित परिवार की ओर से लिखित शिकायत दिए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित