कोलकाता , मार्च 30 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि उनकी पार्टी राज्य में सरकार बनाएगी और उसके बाद वह दिल्ली पर कब्ज़ा करने यानी केंद्र में सरकार बनाने लिए एक व्यापक राष्ट्रीय अभियान का नेतृत्व करने की ओर कदम आगे बढ़ायेंगी।
सुश्री बनर्जी ने सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में जीत हासिल करने के बाद, उनकी पार्टी पूरे देश के लोगों को एकजुट करेगी। उन्होंने कहा, "एक बार चुनाव खत्म हो जाएं और हम बंगाल में जीत जाएं, तो हम सभी को एक साथ लाएंगे और पूरे देश के लोगों के साथ मिलकर दिल्ली पर कब्ज़ा करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।"सरकार बनाने के अपने आत्मविश्वास को दोहराते हुए उन्होंने कहा, "जिस तरह हम सभी अपने आदिवासी उम्मीदवारों के लिए लड़ते हैं, उसी तरह हमें हिंदू उम्मीदवारों के लिए भी लड़ना चाहिए, और जहां भी मुस्लिम उम्मीदवार हैं, हमें उनका भी समर्थन करना चाहिए, क्योंकि सरकार हम ही बनाएंगे।"तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने केंद्रीय नेतृत्व पर उनकी शक्तियां छीनने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "दिल्ली के मालिकों ने मेरी सारी शक्तियां छीन ली हैं, लेकिन याद रखना तुम कितनी भी कोशिश कर लो, तुम्हारी प्यास नहीं बुझेगी। तृणमूल आ रही है, तृणमूल वापस आएगी। जब तक लोग हैं, 'जोड़ा फूल' (दो फूल) का चुनाव चिह्न बना रहेगा।"सुश्री बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर बंगाल-विरोधी बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को लंबी कतारों में खड़ा करवाया गया और उनका अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि मतदाता बैलेट बॉक्स के ज़रिए इसका जवाब देंगे। उन्होंने कहा, "बंगाल-विरोधी भाजपा चाहे कितनी भी साज़िशें रच ले, वह फिर से नाकाम होगी।" सांस्कृतिक मुद्दों पर भाजपा को निशाना बनाते हुए सुश्री बनर्जी ने उस पर बंगाल की जानी-मानी हस्तियों का सम्मान न करने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित