वाराणसी , जून 16 -- कोलकाता के सुनीत चौरसिया, मथुरा के मुकीम अली और नोएडा के दीपांकर कौशल ने तीन-अंडर 67 के समान स्कोर के साथ बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे 25 लाख रुपये के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन - वाराणसी के पहले दौर के बाद संयुक्त बढ़तहासिल की।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष खिलाड़ी सुनीत चौरसिया लगातार दो खिताब जीतकर वाराणसी पहुंचे हैं। उन्होंने मार्च में पटना गोल्फ क्लब में आयोजित अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी गोल्फ चैंपियनशिप और पिछले सप्ताह लखनऊ में विजय कुमार मेमोरियल टूर्नामेंट अपने नाम किया था।कोलकाता के इस गोल्फर ने पार-4 के 10वें होल पर एक डबल बोगी, दो बोगी और सात बर्डी के साथ तीन-अंडर 67 का स्कोर बनाकर संयुक्त बढ़त हासिल की।

शॉटगन स्टार्ट में पार-4 पांचवें होल से शुरुआत करने वाले मुकीम अली ने भी तीन-अंडर 67 का स्कोरबनाकर बढ़त में हिस्सेदारी की। मथुरा के मुकीम ने पांच बर्डी और दो बोगी लगाईं। उन्होंने 16वें से 18वें होल तक लगातार तीन बर्डी लगाकर लीडरबोर्ड में शीर्ष स्थान हासिल किया।

नोएडा गोल्फ कोर्स को अपना घरेलू कोर्स मानने वाले दीपांकर कौशल ने पार-3 के आठवें होल से शुरुआत की और अपने राउंड में पार-5 के 18वें होल पर एक ईगल, चार बर्डी, एक बोगी और पार-4 के 12वें होल पर एक डबल बोगी लगाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित