नयी दिल्ली , जुलाई 28 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि मानसून की पहली ही तेज बारिश ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार के जलभराव रोकने के सभी दावों की पोल खोल दी और बारिश के बाद राजधानी के कई हिस्सों में व्यापक जलभराव हुआ तथा पिछले वर्ष का रिकॉर्ड टूट गया।
श्री यादव ने कहा कि बाहरी दिल्ली की कॉलोनियों से लेकर नयी दिल्ली क्षेत्र के कनॉट प्लेस और जनपथ तक सड़कों एवं दुकानों में पानी भर गया। सरकार ने 169 में से केवल 34 जलभराव वाले हॉटस्पॉट शेष रहने का दावा किया था, लेकिन मंगलवार की बारिश ने इन दावों को गलत साबित कर दिया। उनके अनुसार आईटीओ, मंडपम और अन्य प्रमुख इलाकों में जलभराव तथा यातायात जाम ने तैयारियों की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार ने नालों से 30 लाख मीट्रिक टन से अधिक गाद निकालने और बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था मजबूत करने का दावा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई असर दिखायी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जल निकासी व्यवस्था विफल रही और सफाई का काम केवल कागजों तक सीमित रहा।
श्री यादव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से दिल्लीवासी हर मानसून में जलभराव, दुर्घटनाओं और भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले आम आदमी पार्टी और अब भाजपा सरकार भी राजधानी को इस समस्या से राहत दिलाने में असफल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित