श्रीनगर , अप्रैल 22 -- पहलगाम में भीषण आतंकवादी हमले की पहली बरसी के मौके पर बुधवार को पूरे कश्मीर में सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच उप राज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखने के अपने संकल्प को दोहराया।
बाइस अप्रैल, 2025 को आतंकवादियों ने पहलगाम के मशहूर पर्यटन स्थल के पास खूबसूरत बैसरन मैदान पर हमला किया था। कश्मीर में आम नागरिकों पर हुए इस सबसे घातक हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय पोनीवाले (घोड़े वाले) की जान चली गयी थी।
इस घटना ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को काफी बढ़ा दिया था, जिससे दोनों पड़ोसी देश पूर्ण युद्ध के मुहाने पर पहुंच गये थे।
हमले की बरसी पर अधिकारियों ने बताया कि पूरी घाटी में सुरक्षा काफी सख्त कर दी गयी है। पर्यटन केंद्रों और संवेदनशील इलाकों सहित प्रमुख स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी गयी है, गश्त तेज कर दी गयी है और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गयी है।
जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इस हमले को 'वीभत्स' बताया और आतंकवाद को खत्म करने के प्रशासन के दृढ़ संकल्प को दोहराया।
उप राज्यपाल के कार्यालय ने कहा, " 2025 में आज ही के दिन पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाली मासूम रूहों को विनम्र श्रद्धांजलि। उनकी यादें हमारे दिलों में हमेशा के लिए बसी हैं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवारों के साथ हैं। हम न भूलेंगे, न माफ करेंगे। यह हमारा अटूट संकल्प है। आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट खड़ा है। हम जम्मू-कश्मीर की धरती से आतंकवाद को जड़ से मिटाने के लिए अटूट प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प लेते हैं।"मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग आतंक और हिंसा के खिलाफ एकजुट हैं।
उमर अब्दुल्ला ने बैसरन हैशटैग के साथ लिखा, "एक साल बाद भी, हम आतंक और हिंसा के खिलाफ एकजुट हैं। हम जम्मू-कश्मीर को पीड़ा और निर्दोषों की मौत से मुक्ति दिलाने के अपने संकल्प पर अडिग हैं। हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने को प्रतिबद्ध हैं कि ऐसी घटना दोबारा न हो। हम उन परिवारों के साथ भी हमेशा मजबूती से खड़े हैं, जिन्होंने एक साल पहले उस कायराना हमले में अपने प्रियजनों को खो दिया था। आतंकवादी हमले के पीड़ितों की आत्मा को शांति मिले। #बैसरन"भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकवादी हमले की बरसी पर एक कड़ा संदेश जारी करते हुए जोर देकर कहा कि भारत के खिलाफ किसी भी कृत्य का मुंहतोड़ और निश्चित जवाब दिया जायेगा।
सेना के एडिशनल डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ पब्लिक इंफॉर्मेशन (एडीजीपीआई) ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में 'ऑपरेशन महादेव' की व्यापकता का उल्लेख किया, जिसके तहत 93 दिनों और रातों तक 300 किलोमीटर के दुर्गम इलाकों की छानबीन की गयी, जिसके परिणामस्वरूप पहलगाम हमले में शामिल तीन अपराधियों को ढेर कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित