श्रीनगर , जून 17 -- जम्मू कश्मीर में बुधवार को पहलगाम की अरु घाटी में एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि गुलमर्ग-टंगमर्ग मार्ग पर मिनी बस के पलट जाने से ओडिशा के आठ पर्यटक घायल हो गये।

अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दक्षिणी कश्मीर में अनंतनाग जिले के पहलगाम में अरु घाटी के पास एक निजी कार अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गयी, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान अनंतनाग के पाथबॉघ डायलगाम निवासी इमरान हुसैन गनी (29) और अनंतनाग के मट्टन निवासी यास्मीना के रूप में हुई है। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

एक अन्य घटना में उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में गुलमर्ग-टंगमर्ग मार्ग पर 11 पर्यटकों को ले जा रही मिनी बस के पलट जाने से ओडिशा के आठ पर्यटक घायल हो गए। सभी यात्रियों को चिकित्सा परीक्षण और उपचार के लिए तुरंत टंगमर्ग के अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक चिकित्सा रिपोर्टों से संकेत मिला है कि आठ पर्यटकों को मामूली चोटें आईं, जबकि शेष तीन सुरक्षित बच गए। घायल पर्यटकों में से दो को विशेष उपचार के लिए श्रीनगर के एक अस्पताल में भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित