कोलंबो , अगस्त 26 -- पसिंदु सूर्याबंदारा (90) और कामिंडु मेंडिस (55) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन बुधवार को चायकाल तक तीन विकेट पर 199 रन बना लिये है। अभी भी भारतीय बढ़त समाप्त करने के लिए 14 रन और बनाने है।
इससे पहले मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा (एक-एक विकेट) के दम पर भोजनकाल तक फॉलोऑन खेल रही श्रीलंका के 83 रन पर दो विकेट झटक कर मैच पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली थी। लेकिन इसके बाद पसिंदु सूर्याबंदारा और कामिंडु मेंडिस ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये। 44वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने कामिंडु मेंडिस को आउटकर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया। कामिंडु मेंडिस ने 92 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से (55) रन बनाये।
सुबह के सत्र में प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार (तीन-तीन विकेट) और सारांश जैन (दो विकेट) के दम पर भारत ने श्रीलंका की पहली पारी को 290 रनों के स्कोर पर समेट कर उसे फॉलोऑन के मजबूर कर दिया। और 213 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त भी हासिल कर ली थी। श्रीलंका ने आठ विकेट पर 265 रनों से आगे खेलना शुरु किया। आज सुबह के सत्र में 288 रन पर श्रीलंका नौवां विकेट लाहिरू कुमारा (12) के रूप में गिरा। उन्हें सारांश जैन ने आउट किया। इसके बाद 90वें ओवर की चौथी गेंद पर सारांश जैन ने अपना शतक पूरा कर चुके सोनल दिनुशा का शिकार कर भोजनकाल से पहले श्रीलंका की पारी का 290 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। सोनल दिनुशा ने 162 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाते हुए (103) रनों की पारी खेली। लेकिन वे अपनी टीम को फॉलोऑन से नहीं बचा पाये।
फॉलोऑन खेलने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र पांच रन पर अपना पहला विकेट लहिरू उदारा (तीन) रन के रूप में गवां दिया। उन्हें मोहम्मद सिराज ने आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित