भोपाल , मार्च 17 -- पश्चिम मध्य रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक ग्यारह माह में 8186 करोड़ रुपये का कुल ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 10.76 प्रतिशत अधिक है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह उपलब्धि रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित 7849 करोड़ 38 लाख रुपये के लक्ष्य से लगभग 4 प्रतिशत अधिक है। पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 7390 करोड़ 65 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।
मदवार आय के अनुसार यात्री यातायात से 2341 करोड़ 60 लाख रुपये, माल यातायात से 5465 करोड़ 92 लाख रुपये, अन्य कोचिंग मद से 167 करोड़ 54 लाख रुपये तथा विविध आय (संड्री) से 210 करोड़ 94 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
इसी अवधि में भोपाल मंडल ने 1852 करोड़ 05 लाख रुपये का कुल ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है। रेलवे द्वारा यात्री यातायात बढ़ाने के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन, उनकी अवधि में विस्तार, प्रतीक्षा सूची कम करने हेतु अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं तथा यात्रियों की सुविधा के लिए ठहराव अवधि में वृद्धि की जा रही है।
माल यातायात के क्षेत्र में माल गोदामों में चौबीस घंटे लोडिंग-अनलोडिंग सुविधा, नए माल गोदामों का विकास तथा गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल और साइडिंग बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा गैर किराया राजस्व बढ़ाने के लिए नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से संड्री आय में वृद्धि के प्रयास जारी हैं। रेल प्रशासन ने बताया कि ऑरिजिनेटिंग राजस्व में निरंतर वृद्धि के लिए आगे भी इसी प्रकार प्रयास जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित