जयपुर , मई 04 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों को निराश करने वाले बताते हुए कहा है कि इससे हम हतोत्साहित नहीं होंगे लेकिन देश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संकल्प लेकर कठिन परिश्रम के लिए जुटना होगा।
श्री गहलोत ने चुनाव परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि बंगाल के नतीजों से पूरा देश निराश है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सही कहा कि टीएससी सरकार पर समय समय पर आरोप लगे एवं उनकी खामियों की वजह से भाजपा को घुसने का मौका मिल गया और अब भाजपा ने वहां की सत्ता लूट ली।
उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद इस देश ने अनेक चुनाव देखे हैं, परंतु इस बार बंगाल में जो कुछ हुआ वह अभूतपूर्व एवं निंदनीय है। श्री गहलोत ने आरोप लगाते हुए कहा कि बख्तरबंद गाड़ियां सड़कों पर उतारी गईं, मतदाताओं को डराया-धमकाया गया, पैसों का खुला वितरण हुआ और एसआईआर के माध्यम से लाखों वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए।
उन्होंने कहा कि लाखों की संख्या में पश्चिम बंगाल के निवासी अपनी ही जन्मभूमि में अपना वोट नहीं डाल सके, उससे बड़ा लोकतांत्रिक अपराध क्या होगा। यह केवल और केवल सत्ता के बल पर पाई गई जीत है। यह भाजपा और उसके सहयोगी चुनाव आयोग की जीत है।
श्री गहलोत ने केरल चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए केरलम के मतदाताओं का हार्दिक आभार एवं गठबंधन के सभी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत केरलम की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा और यूडीएफ की जन कल्याणकारी नीतियों की जीत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित