कोलकाता , जुलाई 15 -- पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को कहा कि राज्य भर में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार निजी क्षेत्र के साथ मिलकर काम करेगी।
कोलकाता को दिल्ली, चेन्नई और अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली लंबी दूरी की बसों के बेड़े के उद्घाटन समारोह में श्री भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पंगु बना दिया था, जिससे सरकारी बसें कोलकाता और राज्य की बाकी सड़कों से लगभग गायब हो गयीं।
श्री भट्टाचार्य ने बुधवार को कहा, " पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल राज्य परिवहन निगम को विलुप्ति के कगार पर धकेल दिया गया था। सरकारी बसें गायब हो चुकी हैं। उत्तर बंगाल सहित राज्य भर के बस डिपो बेकार पड़े वाहनों से भरे पड़े हैं, जिनमें से कई के पास बीमा जैसे वैध दस्तावेज भी नहीं हैं।"भाजपा अध्यक्ष ने निजी ऑपरेटरों की अधिक भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि परिवहन और अधिक श्रम वाले अन्य क्षेत्रों में निवेश करने वाले उद्यमियों को सरकार का पूरा समर्थन मिलेगा।
श्री भट्टाचार्य ने साल्ट लेक के करुणामयी बस टर्मिनस पर आयोजित इस उद्घाटन कार्यक्रम में कहा, " हमारी सरकार को सत्ता में आये अभी दो महीने भी पूरे नहीं हुए हैं। हमें एक साल का समय दीजिए और हम बंगाल की परिवहन व्यवस्था में रफ्तार, आधुनिकता और कार्यकुशलता लाएंगे। बसें चलाना सरकार का काम नहीं है। उसकी जिम्मेदारी बुनियादी ढांचा तैयार करना, सभी को समान अवसर देना और निजी निवेश को बढ़ावा देना है। "इस अवसर पर श्यामोली परिवहन की बायो-टॉयलेट से लैस वोल्वो स्लीपर सेवा की शुरुआत की गयी, जो वाई-फाई, लाइव ट्रैकिंग और मनोरंजन सुविधाओं से लैस एक प्रीमियम बस है।
यह सेवा बर्दवान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद और वाराणसी होते हुए चलेगी, जो करुणामयी बस टर्मिनस से सुबह नौ बजे प्रस्थान करेगी, जबकि वापसी में दिल्ली से दोपहर एक बजे रवाना होगी। परिवहन ऑपरेटरों से बंगाल से बाहर विस्तार करने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि बसें देश भर के गंतव्यों को जोड़नी चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा, " पश्चिम बंगाल की बसें दिल्ली, कर्नाटक, केरल, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में चलनी चाहिए। वे वाराणसी को लखनऊ से जोड़ें और पूरे भारत में बंगाल की उपस्थिति दर्ज करायें। देश भर की भाजपा सरकारें आपके साथ खड़ी रहेंगी। "श्री भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में विश्वास बहाल करना चाहती है। उन्होंने ध्यान दिलाया कि बंगाल में सक्षम डॉक्टरों और पर्याप्त चिकित्सा बुनियादी ढांचे के होने के बावजूद बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए चेन्नई जा रहे हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, " चेन्नई जाने वाली बस का किराया कम रखा गया है, क्योंकि बंगाल के कई मरीजों का हमारे राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली से भरोसा उठ गया है और वे इलाज के लिए दक्षिण भारत का रुख करते हैं। हम इसे भी बदलना चाहते हैं और बंगाल को चिकित्सा सुविधाओं के मामले में एक अग्रणी राज्य बनाना चाहते हैं।"बसों के बेड़े को हरी झंडी दिखाने वाले परिवहन और श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने इस शुरुआत को बंगाल के परिवहन क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर बताया और निजी ऑपरेटरों को सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
श्री सिंह ने कहा कि कोलकाता से दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु और पुरी के लिए सेवाएं अंतर-राज्यीय संपर्क को बेहतर बनाएंगी, जबकि पश्चिम बंगाल से सिक्किम के मार्गों को प्रभावित करने वाले परिचालन संबंधी मुद्दों को पहले ही सुलझा लिया गया है।
उन्होंने घोषणा की कि राज्य भर के बस डिपो और टर्मिनस को आधुनिक यात्री केंद्रों में बदला जाएगा और बिचौलियों को खत्म करने तथा पारदर्शिता बढ़ाने के लिए परिवहन से जुड़ी सेवाओं को छह महीने के भीतर ऑनलाइन कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सेवाओं को निलंबित करने के बजाय भारी वित्तीय दंड के माध्यम से अवैध रूप से संचालित बसों के खिलाफ प्रवर्तन को कड़ा करेगी, जिससे परमिट और लाइसेंसिंग नियमों का बेहतर पालन सुनिश्चित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित