कोलकाता , जून 06 -- पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को वर्ष 2019 में राज्य भर में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हुई तोड़फोड़, आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं की जांच का निर्णय लिया है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता को आंदोलन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने से जुड़ी सभी शिकायतों की जांच के निर्देश दिये हैं। इसके साथ ही उन्होंने इन मामलों की जांच के लिए राज्य पुलिस को एक विशेष प्रकोष्ठ गठित करने का भी निर्देश दिया है।

दिसंबर 2019 में संसद के दोनों सदनों ने नागरिकता संशोधन विधेयक पारित किया था। इसे बाद में राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद कानून का रूप दे दिया गया था। इस कानून के पारित होने के बाद पश्चिम बंगाल सहित देश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गये थे।

इस आंदोलन के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और उनमें आग लगाने के आरोप सामने आये थे। इस दौरान बसों में आगजनी और रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी दर्ज की गयी थीं।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पुलिस का यह विशेष सेल उस अवधि के दौरान दर्ज की गयी सभी शिकायतों की बारीकी से जांच करेगा और निष्कर्षों के आधार पर मामलों की नयी फाइलें तैयार करेगा।

इस विशेष सेल का कार्यालय मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में स्थापित किये जाने की संभावना है। सरकार ने यह भी फैसला किया है कि अगर जांच के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करने में किसी व्यक्ति की संलिप्तता के आरोप साबित होते हैं, तो उससे नुकसान का हर्जाना वसूला जायेगा।

रेलवे परिसरों में कथित आगजनी, तोड़फोड़ या लूटपाट से जुड़े मामलों में रेलवे पुलिस की मदद ली जायेगी।

अधिकारियों ने बताया कि 2019 के प्रदर्शनों के दौरान हिंसा और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के सबसे गंभीर आरोप मुर्शिदाबाद और हावड़ा जिले के उलुबेरिया से सामने आये थे।

इस दौरान बेलडांगा थाने में तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें मिली थीं, जबकि उलुबेरिया में ट्रेनों में आग लगाने और रेलवे स्टेशनों को लूटने के आरोप लगे थे।

राज्य सरकार का यह ताजा कदम सीएए-विरोधी आंदोलन के दौरान दर्ज की गयी शिकायतों की समीक्षा करने, उनकी जांच करने और सार्वजनिक संपत्तियों को हुए नुकसान के लिए जवाबदेही तय करने के प्रयासों का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित