कोलकाता , जून 15 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार रोकने और पारदर्शिता बरतने के मकसद से राज्य के सभी भर्ती बोर्डों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर केंद्रीय एजेंसियों की तर्ज पर परीक्षाओं में कई बड़े सुधार लागू करने का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को नंदीग्राम के 'जन कल्याण शिविर' के उद्घाटन के दौरान यह ऐलान करते हुए कहा कि उम्मीदवार परीक्षा प्रक्रिया के दौरान मार्क किए गए उत्तर वाली ओएमआर शीट की कॉपी अपने घर ले जा सकेंगे। यह फैसला तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार के तहत भर्ती प्रक्रिया में खासकर शिक्षा और नगरपालिका क्षेत्र में भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों के आरोपों के बाद लिया गया है।
गौरतलब है कि कई भर्ती घोटालों की जांच और अदालत की कार्रवाई में ओएमआर शीट में गड़बड़ी का मामला खास तौर पर सामने आया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित