पटना , अगस्त 10 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधान सभा के अध्यक्ष रथिन्द्र बोस से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार मुलाकात की और इस दौरान दोनों के बीच राज्यों की विधायी परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हुआ संवाद भी हुआ।

पश्चिम बंगाल विधान सभा के अध्यक्ष रथिन्द्र बोस ने आज डॉ. कुमार का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बिहार विधानसभा अध्यक्ष को पश्चिम बंगाल विधान सभा से संबंधित कई महत्वपूर्ण पुस्तकें तथा वहां से प्रकाशित डायरी सम्मान स्वरूप भेंट की। डॉ. प्रेम कुमार ने भी पश्चिम बंगाल विधान सभा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

श्री रथिन्द्र बोस ने डॉ. प्रेम कुमार को विधान सभा की कार्यप्रणाली तथा सदन के अंदर विधायकों के बैठने की व्यवस्था का भी अवलोकन कराया। इस अवसर पर उनके बीच दोनों राज्यों की विधान सभा की गौरवशाली परंपराओं, लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधायी कार्यप्रणाली तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर विस्तृत एवं सार्थक परिचर्चा हुई।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार विधान सभा देश की प्राचीन और महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संस्थाओं में से एक है। बिहार विधान सभा ने समय-समय पर जनहित के मुद्दों को सदन में उठाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा जनता की आकांक्षाओं को शासन व्यवस्था तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल केवल पड़ोसी राज्य ही नहीं, बल्कि दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक, ऐतिहासिक एवं भावनात्मक संबंध भी अत्यंत गहरे हैं। दोनों राज्यों ने देश की स्वतंत्रता, सामाजिक जागरण, शिक्षा, साहित्य, कला और लोकतांत्रिक चेतना के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित