नयी दिल्ली/कोलकाता , अप्रैल 14 -- चुनाव आयोग ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की है।

चुनाव आयोग के अनुसार नामांकन वापसी की अंतिम तिथि के बाद राज्य में कुल 2,926 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर 1,478 उम्मीदवार और दूसरे चरण में 142 सीटों पर 1,448 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि नौ अप्रैल थी, जबकि 10 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटिनी) और 13 अप्रैल को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी।

चुनाव कार्यक्रम के तहत दूसरे चरण के लिए मतदान 29 अप्रैल को कराया जाएगा। सभी निर्वाचन क्षेत्रों में रिटर्निंग अधिकारी 'निर्वाचन संचालन नियम, 1961' के तहत उम्मीदवारों की अंतिम सूची सरकारी राजपत्र में प्रकाशित करेंगे।

आयोग ने बताया कि सभी रिटर्निंग अधिकारी चुनावी दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के लिए नामांकन, जांच और नाम वापसी से जुड़े रिकॉर्ड को सीलबंद पैकेट में सुरक्षित रखेंगे।

मतदाताओं की सुविधा के लिए ईसीआई ऐप नेट पर 'अपने उम्मीदवार को जानें' की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके जरिए उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, आपराधिक पृष्ठभूमि, संपत्ति और देनदारियों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

इसके अलावा, ईवीएम बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीर, नाम और चुनाव चिन्ह बड़े अक्षरों में प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे मतदाताओं को मतदान में आसानी हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित