कोलकाता , अप्रैल 20 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई में चार जिलों से आपराधिक पृष्ठभूमि और आपराधिक आरोपों वाले 135 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इन चार जिलों में 23 अप्रैल को चुनाव के पहले चरण में मतदान होने हैं। ये गिरफ्तारियां कूचबिहार, मालदा, मुर्शिदाबाद और दक्षिण 24 परगना सहित चार जिलों में रातों-रात चलाये गये एक अभियान के दौरान की गईं। ये गिरफ्तारियां चुनाव आयोग के उन निर्देशों के बाद हुई हैं, जिसमें राज्य पुलिस को प्रदेश भर के थानों में चिन्हित उपद्रवियों, आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों और लंबित मामलों वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आदेश दिया गया था।
चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पिछले सप्ताह पश्चिम बंगाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आभासी बैठक की थी। बैठक में उपस्थित चुनाव आयोग के एक अन्य अधिकारी के अनुसार, मतदान के दिन अशांति के किसी भी संकेत पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के निर्देश जारी किये गये थे। उन्होंने कहा, "हमने इस बात पर चिंता जताई थी कि जो लोग उपद्रवी रहे हैं और पिछले चुनावों के दौरान हिंसा का हिस्सा थे, वे बाहर खुलेआम क्यों घूम रहे हैं और उन्हें सलाखों के पीछे क्यों नहीं डाला गया।"उन्होंने बताया कि बंगाल चुनाव के पहले चरण में केंद्रीय बलों के साथ राज्य पुलिस के लगभग 40,000 कर्मियों को तैनात किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे। 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अप्रैल को मतदान होगा तथा 29 अप्रैल को 142 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा और दोनों चरणों के मतों की गणना 4 मई को की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित