रायपुर , मई 04 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी रहने के बीच शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पीछे चलती नजर आ रही है। इन रुझानों के बाद छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल बन गया है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम सामने आ रहे हैं और पार्टी को सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि असम में भाजपा सरकार बनने की स्थिति में है और पश्चिम बंगाल में भी पार्टी की जीत तय दिख रही है। साय ने कहा कि राज्य की जनता ने तृणमूल कांग्रेस की "निरंकुश सरकार" को नकार दिया है।

इधर, रायपुर के शंकर नगर क्षेत्र में वित्त मंत्री ओपी चौधरी के निवास के बाहर समर्थकों द्वारा जश्न मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को झालमुड़ी वितरित की गई और बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हुए। बताया गया कि चौधरी असम में कुछ सीटों के प्रभारी थे, जहां पार्टी को बढ़त मिलने से उनके समर्थकों में उत्साह है।

वहीं, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "अंधेरा छटेगा, सूरज उगेगा, कमल खिलेगा," जिससे कार्यकर्ताओं में और उत्साह देखा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित