नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- भारतीय जनता पार्टी )भाजपा) ने पश्चिम बंगाल के मालदा में न्यायिक अधिकारियों को तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा बंधक बनाने की निंदा करते हुए कहा कि राज्य में जंगलराज कायम है।

पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पश्चिम बंगाल के मौजूदा हालात को देखते हुए ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मालदा जिले में गहन विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान सात न्यायिक अधिकारियों को तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेरकर बंधक बना लिया , जिनमें तीन महिला न्यायाधीश भी शामिल थीं। उन्होंने कहा कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

श्री भाटिया ने कहा कि ये अधिकारी शीर्ष न्यायालय के निर्देशों के तहत अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे, लेकिन उन्हें घंटों तक रोके रखा गया। उन्होंने दावा किया कि देर रात करीब बारह-एक बजे अधिकारियों को मुक्त कराया गया और जाते समय उनकी गाड़ियों पर पथराव भी किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना न्यायिक अधिकारियों को डराने और एसआईआर प्रक्रिया में बाधा डालने की "सुनियोजित साजिश" का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में "जंगलराज" की स्थिति बन चुकी है, जहां अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को राज्य के पुलिस महानिदेशक से हस्तक्षेप करने के लिए कहना पड़ा, ताकि अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

श्री भाटिया ने दावा किया कि शीर्ष न्यायालय ने भी इस मामले में राज्य सरकार को फटकार लगाई है और आवश्यक निर्देश दिए हैं।

भाजपा ने इस घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून के शासन पर गंभीर हमला बताते हुए राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित