लखनऊ , मई 4 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव परिणामों का स्वागत करते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता और जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बताया है। परिषद ने कहा कि विशेष रूप से युवाओं की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि देश का मतदाता जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध है।

एबीवीपी ने एक बयान जारी कर कहा है कि पश्चिम बंगाल का जनादेश एक ऐतिहासिक परिवर्तन का संकेत है। यह केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि हिंसा, अराजकता और अव्यवस्था के खिलाफ जनता की स्पष्ट अभिव्यक्ति है। परिषद ने कहा कि लंबे समय से राज्य में राजनीतिक हिंसा, सिंडिकेट संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था में गिरावट, महिलाओं की असुरक्षा, अवैध घुसपैठ और सीमित रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर जन असंतोष बढ़ रहा था, जो अब चुनाव परिणामों में साफ तौर पर दिखाई दिया है।

परिषद ने यह भी कहा कि वह वर्षों से पश्चिम बंगाल में शिक्षा, महिला सुरक्षा, छात्र अधिकार, रोजगार और अवैध घुसपैठ जैसे मुद्दों को उठाती रही है। मौजूदा जनादेश से इन प्रयासों को नई ऊर्जा मिली है और यह उम्मीद जगी है कि राज्य अब भयमुक्त और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ेगा।

असम के चुनाव परिणामों को भी एबीवीपी ने स्थिरता और विकास पर जनता के भरोसे का प्रतीक बताया। वहीं तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में उच्च मतदान प्रतिशत को लोकतांत्रिक जागरूकता के सुदृढ़ होने का संकेत बताया गया है। परिषद के अनुसार, देश की जनता अब हिंसा, उग्रता और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए शांति, विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को प्राथमिकता दे रही है।

एबीवीपी ने कहा कि यह जनादेश "राष्ट्र प्रथम" की भावना को और सशक्त करता है और यह स्पष्ट संकेत देता है कि देश की जनता सुशासन, सुरक्षा और विकास आधारित राजनीति चाहती है। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि पश्चिम बंगाल का जनादेश एक नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में राज्य में शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और प्रशासन के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार राज्य को हिंसा और भय से मुक्त कर विकास, पारदर्शिता और राष्ट्रीय मूल्यों पर आधारित दिशा प्रदान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित