कोलकाता , सितंबर 26 -- तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक कुणाल घोष ने आरोप लगाया है कि शनिवार को हुगली के उत्तरपाड़ा में उनकी कार पर पत्थर, अंडे और लोहे की रॉड से हमला किया गया।

श्री घोष ने कहा कि वारदात के समय वह श्रीरामपुर में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जनसभा में शामिल होने जा रहे थे। श्री घोष के अनुसार, उत्तरपाड़ा के साखेर बाजार इलाके में कई लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और उस पर पत्थर तथा अंडे फेंकने शुरू कर दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लोहे की रॉड से भी कार पर हमला किया, जिससे उसकी आगे की विंडशील्ड टूट गयी।

उन्होंने कहा, "मैं चालक के बगल में बैठा था। मुझे निशाना बनाकर पत्थर फेंके गए। हमले के कारण आगे की विंडशील्ड टूट गयी और कांच के टुकड़े मेरे पूरे शरीर पर बिखर गये।"उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत में विंडशील्ड नहीं टूटने के बाद हमलावर बड़े पत्थर लाकर गाड़ी पर फेंकने लगे। श्री घोष ने दावा किया कि हमलावर 'वापस जाओ'के नारे लगा रहे थे और कह रहे थे कि उन्हें सुश्री बनर्जी की सभा में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने घटना के दौरान पुलिस पर निष्क्रिय रहने का भी आरोप लगाया।

श्रीरामपुर के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से बात करते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा, "वे लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। वे विपक्ष को काम नहीं करने दे रहे हैं।"हमले की निंदा करते हुए पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "जब श्री घोष श्रीरामपुर में हमारी रैली में शामिल होने जा रहे थे, तब भाजपा के गुंडों ने उन पर हमला किया। मुझे जानकारी मिल रही है कि पूरी जीटी रोड को रोक दिया गया है, लेकिन वे हमें इस तरह रोक नहीं सकते।"भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने इस घटना में अपनी पार्टी की किसी भी संलिप्तता से इनकार किया और आरोप लगाया कि यह घटना तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी विवाद का परिणाम थी। घटना के बाद उत्तरपाड़ा में पुलिस बल तैनात किया गया। सभा की अनुमति को लेकर कानूनी लड़ाई के बाद अदालत ने अधिकतम 1,000 लोगों की मौजूदगी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी है। पिछले दो दिनों से रैली की तैयारियां चल रही हैं और डेनिस गवर्नर हाउस के सामने मंच तैयार किया जा रहा है।

सभा की व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे हुगली जिला तृणमूल संयोजक और पूर्व विधायक असीत मजूमदार ने आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल होने से रोका जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि साखेर बाजार इलाके में घोष पर हमला किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित