कोलकाता , फरवरी 23 -- भारतीय जनता पार्टी एक और दो मार्च को पश्चिम बंगाल में परिवर्तन यात्रा शुरू करने वाली है।
इसमें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का जामवड़ा लगेगा। राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव से आयोजित हो रही 48 घंटे की परिवर्तन यात्रा में कम से कम आठ केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय स्तर के नेता राज्य में पहुंचेंगे। यह यात्रा राज्य में भाजपा के 10 संगठनात्मक प्रभागों में से नौ में होगी। इसमें सिर्फ कोलकाता महानगरीय प्रभाग शामिल नहीं होगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक मार्च को यात्रा का उद्घाटन पांच जगहों कूच बिहार, कृष्णानगर, कुल्टी, गरबेटा और रायदिघी से होगा। वहीं दो मार्च को इस्लामपुर, हसन, संदेशखली और अमता में उद्घाटन कार्यक्रम हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक मार्च को रायदिघी से परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जे. पी. नड्डा उसी दिन कृष्णानगर से यात्रा का उद्घाटन करेंगे, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो मार्च को अमता से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोनों दिन उत्तर बंगाल में रहेंगे। वह एक मार्च को कूच बिहार और दो मार्च को इस्लामपुर से यात्राओं का शुभारंभ करेंगे।
इस अभियान में शामिल होने वाले अन्य वरिष्ठ नेताओं में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शामिल हैं, जो गरबेटा से यात्रा का उद्घाटन करेंगे और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी एक मार्च को कुल्टी से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दो मार्च को हसन से यात्रा का उद्घाटन शुभारंभ करेंगे, जबकि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान संदेशखली से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को रायदिघी से भाजपा के आरोप पत्र जारी करने के कार्यक्रम का नेतृत्व किया, जहां उन्होंने मथुरापुर, जयनगर और डायमंड हार्बर संगठनात्मक जिलों की मांगों और शिकायतों को रेखांकित करने वाले दस्तावेज़ जारी किए। पूरे राज्य में ऐसे ही प्रोग्राम हुए, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती, अग्निमित्रा पॉल, अभिजीत गंगोपाध्याय, सौमेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और रुद्रनील घोष जैसे नेताओं ने अलग-अलग जिलों में हिस्सा लिया।
भाजपा से जुड़े सूत्रों ने बताया कि श्री अधिकारी का रायदिघी दौरा श्री शाह के दौरे की तैयारियों को तेज़ करने के मकसद से भी था, जो एक हफ़्ते बाद होने वाला है, जहाँ से यात्रा आधिकारिक तौर पर शुरू होगी।
पार्टी ने पहले परिवर्तन यात्रा के लिए केंद्रीय नेताओं की सूची जारी कर चुकी है। हालांकि आखिरी समय में इसमें बदलाव किए गए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पूर्व केंद्रीय स्मृति ईरानी इस यात्रा में शामिल नहीं होंगी, उनकी जगह श्री चौहान और श्रीमती देवी को शामिल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में भाजपा ने विरोधी पार्टियों के नेताओं को पार्टी में शामिल करने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया था, लेकिन इस बार पार्टी ऐसे कार्यक्रमों से गुरेज कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित