कोलकाता , मार्च 20 -- पश्चिम बंगाल में पूरक मतदाता सूची का प्रकाशन पहले शुक्रवार या शनिवार को होने की उम्मीद थी, लेकिन अब इसके सोमवार को होने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के अधिकारियों ने संकेत दिया कि सूची को अंतिम रूप देने के बाद लगभग 80,000 मतदान केंद्रों पर अद्यतन चुनावी मतदाता सूची प्रदर्शित करने की तैयारी चल रही है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि प्रक्रिया को जानबूझकर धीमा किया जा रहा है, जिससे चुनाव से पहले मतदाताओं को असुविधा हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने लगभग 60 लाख लंबित मामलों के निपटारे की गति पर भी चिंता जताई और सवाल किया कि क्या यह अभ्यास समय पर पूरा किया जा सकता है। शुक्रवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी करने से पहले सुश्री बनर्जी ने कहा, "मैंने सुना है कि कुल निर्णय लिए गये मामलों में से 10 लाख नाम हटा दिए गए हैं। एक विशेष समुदाय को बाहर करने के लिए निशाना बनाया जा रहा है। नामों को हटाने की अधिकतम संख्या मुर्शिदाबाद, मालदा, दक्षिण दिनाजपुर और उत्तर दिनाजपुर से है। ऐसी संभावना है कि अल्पसंख्यक और हिंदू समुदायों के वर्ग, जिनमें मतुआ और राजबंशी शामिल हैं, प्रभावित हो सकते हैं।"आयोग के सूत्रों के अनुसार, उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद 700 से अधिक न्यायिक अधिकारियों की देखरेख में अधिनिर्णय प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। आयोग के सूत्रों ने बताया कि गुरुवार तक लगभग 27 लाख मामलों का निपटारा किया जा चुका था और अधिकारी प्रतिदिन लगभग दो लाख आवेदनों पर कार्रवाई कर रहे हैं।

एक अधिकारी ने कहा कि पूरक सूची में सत्यापन प्रक्रिया के दौरान स्पष्ट किए गए नाम शामिल होंगे, जबकि बाहर किए गए लोगों को हटाने के कारणों के साथ सूचित किया जाएगा।

वर्तमान अभ्यास 28 फरवरी को प्रकाशित एक पिछली अधूरी सूची से उपजा है, जहाँ 60 लाख से अधिक आवेदनों को 'अधिनिर्णय के अधीन' (अंडर एडजूडिकेशन) चिह्नित किया गया था। अधिकारी इस बात पर कायम हैं कि चुनावी कार्यक्रम से पहले बैकलॉग को साफ करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किया जा रहा है।

यदि आवश्यक हुआ, तो आयोग 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होने वाले दो चरणों वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की समय सीमा से पहले कई चरणों में पूरक मतदाता सूची प्रकाशित कर सकता है ।इस बीच, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार शाम मानिकतला में एक राजनीतिक जुलूस के दौरान हुई गड़बड़ी के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (उत्तर) से रिपोर्ट मांगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित