कोलकाता , अक्टूबर 06 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में राज्य में सत्ता परिवर्तन के पांच महीने बाद मंगलवार को नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। दोनों चुनाव क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।
जनता की भी नंदीग्राम पर विशेष नजर रहेगी, जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी खुद मतदाता हैं। गौरतलब है कि श्री अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम सीट छोड़ दी, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराना पड़ा।
नंदीग्राम का चुनाव कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की कानूनी परेशानियों के कारण भी चर्चा में रहा है। उन्हें नंदीग्राम में 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़े पुराने मामलों में गिरफ्तार किया गया था और चुनाव प्रचार के दौरान काफी समय जेल में बिताना पड़ा।
इसके बाद कलकत्ता उच्च न्यायालय ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी, जिससे वह मतदान से पहले चुनाव क्षेत्र में लौटकर प्रचार कर सके।
भारतीय जनता पार्टी ने नंदीग्राम से हसिरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है, जबकि श्री प्रधान कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर बहुकोणीय मुकाबला है। वाम दल, आईएसएफ और ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाली डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस भी चुनाव मैदान में है।
रेजीनगर में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने विधानसभा चुनाव में रेजीनगर और नवादा दोनों सीटों पर जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने नवादा सीट अपने पास रखी और रेजीनगर सीट खाली कर दी। इसके कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा।
दोनों चुनाव क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत की गयी है। चुनाव आयोग ने रेजीनगर में केंद्रीय बलों की 34 कंपनियां और नंदीग्राम में 37 कंपनियां तैनात की हैं। इस तरह दोनों सीटों पर केंद्रीय बलों की कुल 71 कंपनियां तैनात हैं। रेजीनगर में 315 मतदान केंद्र हैं, जबकि नंदीग्राम में 323 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, रेजीनगर में कुल 2,57,657 मतदाता हैं। इनमें 1,35,014 पुरुष, 1,22,638 महिलाएं और पांच उभयलिंगी मतदाता हैं। रेजीनगर में 18-19 वर्ष की आयु के 2,445 मतदाता, दिव्यांग मतदाता 3,231, 85 वर्ष से अधिक आयु के 1,697 मतदाता, 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुके 36 मतदाता और 1,111 सेवा मतदाता हैं।
इसी तरह नंदीग्राम में कुल 2,67,157 मतदाता हैं, जिनमें 1,39,677 पुरुष, 1,27,479 महिलाएं और उभयलिंगी एक मतदाता शामिल है। यहां 18-19 वर्ष की आयु के 2,016 मतदाता, 2,180 दिव्यांग मतदाता, 85 वर्ष से अधिक आयु के 1,884 मतदाता, 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 42 मतदाता और 738 सेवा मतदाता हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित