कोलकाता , सितंबर 12 -- पश्चिम बंगाल राज्य पेय निगम लिमिटेड की ओर से जारी एक अधिसूचना के अनुसार दुर्गा पूजा से पहले पूरे पश्चिम बंगाल में शराब की कीमतें एक अक्टूबर से बढ़ाई जाएंगी।
इस कदम का मुख्य उद्देश्य राज्य का राजस्व बढ़ाना है और यह कदम त्योहार से ठीक पहले उठाया गया है जब आम तौर पर शराब की बिक्री बढ़ जाती है।
गौरतलब है कि विदेशी शराब, देसी शराब और बीयर पर चर्चा के लिए गत 3 सितंबर को पश्चिम बंगाल राज्य पेय निगम लिमिटेड (डब्ल्यूबीएसबीसीएल) के मुख्यालय में निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के साथ एक बैठक हुई थी, जिसमें कंपनियों को निर्देश दिया गया कि वे उत्पाद कानूनों के अनुसार कीमतें बताएं और यह सुनिश्चित करें कि वे पूरे भारत में तय न्यूनतम कीमतों के हिसाब से हों। उनसे यह भी कहा गया है कि वे भंडारण और प्रबंधन की लागत को तय सीमा के भीतर रखें।
अधिसूचना में अलग-अलग ब्रांड की नयी कीमतों के बारे में नहीं बताया गया है। कंपनियों से कहा गया है कि वे उत्पाद पंजीकरण और लागू होने वाले मूल्य निर्धारण के ढांचे को तय करने के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। पुराने अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) वाले मौजूदा स्टॉक को बेचा जा सकता है, जबकि निर्माताओं को निर्देश दिया गया है कि वे त्योहार के दौरान बिना रुकावट आपूर्ति सुनिश्चित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित