पटना , मई 08 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनाव के बाद राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हुई हिंसा, झड़प, आगजनी एवं हत्या की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
:डॉ. प्रेम कुमार ने आज बयान जारी कर कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है और चुनाव परिणाम आने के बाद हिंसा का वातावरण बनना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध, एवं अलोकतांत्रिक है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन हिंसा, प्रतिशोध और निर्दोष लोगों पर हमले किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं माने जा सकते। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है, न कि भय और रक्तपात का माध्यम। ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करती हैं तथा आम जनता के विश्वास को आहत करती हैं।उन्होंने पश्चिम बंगाल प्रशासन से आग्रह किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम हो सके। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों एवं कार्यकर्ताओं से संयम, शांति एवं लोकतांत्रिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने हिंसा में मृत लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र संवाद, सहिष्णुता और शांतिपूर्ण सहअस्तित्व की भावना पर आधारित है और सभी नागरिकों को इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए आगे आना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित