मुंबई , मई 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा है कि पांच में से तीन राज्यों में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को स्पष्ट बहुमत मिलने से विपक्ष के झूठे दुष्प्रचार की पूरी तरह पोल खुल गई है।

श्री बन ने सोमवार को यहाँ कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी द्वारा पिछले 15 वर्षों में पैदा किए गए कीचड़ में अब भाजपा का कमल खिल गया है और उनकी 'दीदी-गिरी' का अंत हो गया है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री बन ने कहा कि राज्य के मतदाताओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सुश्री बनर्जी के शासन को उखाड़ फेंकने का काम किया है।

प्रवक्ता ने कहा कि पिछले चुनाव में पश्चिम बंगाल में 77 सीटें जीतने के बाद भी भाजपा ने वहां अपने कार्यकर्ताओं को मजबूत करने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान सुश्री बनर्जी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को काफी प्रताड़ित किया। उन्होंने दावा किया कि सुश्री बनर्जी ने बड़े पैमाने पर गुंडों के जरिए सरकार चलाई।

श्री बन ने कहा कि हमने उन 77 विधायकों को मजबूत किया। चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद वहां प्रचार किया। अमित शाह करीब 20-22 दिनों तक पश्चिम बंगाल में रहे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यभार संभालने के बाद यह पहला चुनाव था। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है। संजय राउत या उद्धव ठाकरे की तरह हमारा यह तरीका नहीं है कि 'तुम लड़ो, हम कपड़ों का ख्याल रखेंगे'। हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मैदान में उतरते हैं, लड़ते हैं और जीतते हैं। जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया है। अब हम पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएंगे और जनता की सेवा करेंगे।

भाजपा नेता ने संजय राउत की भी आलोचना की, जो लगातार यह शिकायत कर रहे हैं कि भाजपा ने अर्धसैनिक बलों और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए जीत हासिल की है। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अगर यही तर्क लगाया जाए, तो केरल में जहां वामपंथी सत्ता खो रहे हैं और कांग्रेस सत्ता में आती दिख रही है, वहां संजय राउत चुप क्यों हैं? ममता बनर्जी फर्जी वोटों के दम पर चुनाव जीतती रही हैं। जब उन फर्जी वोटरों को हटाया गया, तो भाजपा सत्ता में आ गई। अब तक उनकी जीत बांग्लादेशी घुसपैठियों पर निर्भर थी। केरल में ऐसा होना ठीक है, लेकिन पश्चिम बंगाल में नहीं,यह दोहरा मापदंड बंद करें।

श्री बन ने कहा कि असम में कांग्रेस के लगातार झूठे आरोपों के बावजूद हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा न केवल सत्ता में लौटी है, बल्कि निर्णायक जीत भी हासिल की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित