कोलकाता , सितंबर 22 -- पश्चिम बंगाल में नए औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के प्रयासों के तहत राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार शाम मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी से उनके आवास 'एंटीलिया' में मुलाकात की। अंबानी परिवार के गणेश पूजा उत्सव में आमंत्रित श्री अधिकारी ने बाद में इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अंबानी आवास पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और देश की शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने अंबानी परिवार को मां काली का एक विशेष स्मृति चिह्न भी भेंट किया। लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास, नयी परियोजनाओं, सूचना प्रौद्योगिकी और रोजगार सृजन की संभावनाओं के साथ-साथ राज्य में रिलायंस की मौजूदा परियोजनाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई।

श्री अधिकारी ने कहा कि उनकी इस सौहार्दपूर्ण बातचीत में पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की अपार संभावनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार दूरदर्शी निवेश का स्वागत करने के लिए तैयार है जो युवाओं को सशक्त बनाए और सतत आर्थिक विकास को गति दे। उन्होंने अंबानी परिवार द्वारा किए गए शानदार स्वागत और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित