कोलकाता , मई 09 -- पश्चिम बंगाल के नये मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए।

समारोह में कई केन्द्रीय मंत्री और अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने यहां पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। श्री साय ने श्री अधिकारी सहित शपथ लेने वाले सभी मंत्रिपरिषद सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जनादेश केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन और नई कार्यसंस्कृति की स्थापना का जनसंकल्प है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की शक्ति से पश्चिम बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

श्री साय ने कहा कि नई सरकार के माध्यम से राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, किसानों को समृद्धि का नया मार्ग मिलेगा तथा मातृशक्ति को सशक्त और सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन के पक्ष में अपना स्पष्ट विश्वास व्यक्त किया है।

श्री साय ने कहा कि श्री अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल एक नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ आगे बढ़ेगा। राज्य में माताओं-बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, युवाओं को उनके सपनों के अनुरूप अवसर प्राप्त होंगे और राज्य एक बार फिर सोनार बांग्ला की अवधारणा को साकार करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित