कोलकाता , जून 17 -- पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के नेता उदयन गुहा को कथित भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामले में बुधवार को यहां गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि श्री गुहा को उत्तर-पूर्वी कोलकाता के फूलबागान इलाके में स्थित उनके फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें कानूनी औपचारिकताओं के लिए फूलबागान थाने ले जाया गया। श्री गुहा को गुरुवार को अदालत में पेश किया जायेगा। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कुणाल अग्रवाल ने बताया कि श्री गुहा को दिनहाटा थाने में दर्ज भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 406, 409 और 420 के तहत गिरफ्तार किया गया है। यह मामला साल 2016 से 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के तहत कमीशन (कट मनी) लेने से जुड़े आरोपों से संबंधित है। श्री गुहा ने पिछली ममता बनर्जी सरकार में उत्तर बंगाल विकास मंत्री के रूप में कार्य किया था। इसके अलावा, उन्हें लंबे समय से कूचबिहार में पार्टी की संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गयी थीं।

दिनहाटा में भाजपा उम्मीदवार अजय रॉय के खिलाफ श्री गुहा को करारी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने कूचबिहार छोड़ दिया और कोलकाता के फूलबागान इलाके में रहने लगे। इसके बाद वह शायद ही कभी सार्वजनिक रूप से दिखाई दिये। इस बीच, पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी और डराने-धमकाने के आरोपों सहित कई मामले दर्ज किये। उनका नाम 2021 के विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद हुई चुनावी हिंसा की घटनाओं के सिलसिले में भी सामने आया था। सूत्रों की रिपोर्ट है कि पुलिस तभी से सक्रियता से उनकी तलाश कर रही थी।

फूलबागान थाने के सूत्रों ने बताया कि पूर्व मंत्री ने दावा किया है कि जिस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया है, उसमें उन्हें पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है। इस गिरफ्तारी को "अवैध" और "राजनीति से प्रेरित" बताते हुये श्री गुहा ने आरोप लगाया कि अदालत द्वारा उन्हें दिये गये कानूनी संरक्षण के बावजूद पुलिस ने अनुचित कार्रवाई की है।

इस गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुये श्री अजय रॉय ने कहा कि श्री गुहा कई आपराधिक मामलों का सामना कर रहे थे। उन्हें बहुत पहले ही गिरफ्तार कर लिया जाना चाहिए था। श्री गुहा फॉरवर्ड ब्लॉक छोड़कर अक्टूबर, 2015 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुये थे। वह अनुभवी वामपंथी नेता और पूर्व राज्य मंत्री कमल गुहा के पुत्र हैं। वह पहली बार 2011 में फॉरवर्ड ब्लॉक के टिकट पर दिनहाटा से निर्वाचित हुये थे और 2016 में तृणमूल उम्मीदवार के रूप में इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित