कोलकाता , जून 16 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार का पहला पूर्ण बजट 22 जून को विधानसभा में पेश किया जायेगा। बजट सत्र के पहले चरण की समय-सारिणी मंगलवार को सर्वदलीय बैठक और विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बसु की अध्यक्षता में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में तय की गयी।
संसदीय कार्य मंत्री शंकर घोष और संसदीय कार्य राज्य मंत्री उमेश राय ने बैठक के बाद औपचारिक रूप से सत्र की समय-सारिणी की घोषणा की। तय कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल 18 जून को सुबह 11 बजे पारंपरिक उद्घाटन भाषण देंगे। सत्तारूढ़ दल का एक वरिष्ठ सदस्य धन्यवाद प्रस्ताव पेश करेगा, जिसका समर्थन दूसरे सदस्य द्वारा किया जायेगा। अगले दिन 19 जून को शोक प्रस्ताव के बाद विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी जायेगी।
कार्य मंत्रणा समिति द्वारा स्वीकृत समय-सारिणी के अनुसार, वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता 22 जून को दोपहर 12 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक वित्तीय विवरण, यानी राज्य का बजट पेश करेंगे। विधानसभा 23 और 24 जून को राज्यपाल के अभिभाषण, जनहित के मामलों और सामान्य बजट पर विस्तृत चर्चा करेगी। बजट पर चर्चा 25 जून को जारी रहेगी, जबकि विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित अनुदानों की मांगें भी पटल पर रखी जायेंगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही अस्थायी अवकाश के लिए स्थगित कर दी जायेगी। सत्र का अगला चरण 6 जुलाई को शुरू होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित