भोपाल , मई 4 -- पश्चिम बंगाल, असम सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलने के बाद मध्यप्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित होकर जश्न मनाते नजर आए।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस देश के नक्शे से लगातार सिमटती जा रही है और जनता का विश्वास भाजपा के पक्ष में दिखाई दे रहा है। जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं को झालमुड़ी खिलाकर बधाई दी गई तथा पटाखों की भी व्यवस्था की गई। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते नजर आए।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में उनका मन आज भावुक है और यह एक संकल्प पूरा होने जैसा है। उन्होंने इसे जनता के विश्वास और लंबे संघर्ष का परिणाम बताया।
वही प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी भावुक दिखे और उन्होंने कहा कि इस खुशी को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी संघर्ष जारी रखा और अब उसका परिणाम सामने आ रहा है।
जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर में कहा कि आज प्रदेश में होली और दीपावली जैसा उत्सव का माहौल है। उन्होंने कहा कि यह अहंकार की पराजय और राष्ट्रवाद की जीत है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के संदर्भ में कहा कि वहां की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और विकास के लिए भाजपा को समर्थन दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और अव्यवस्था के कारण जनता में असंतोष था, जिसके चलते मतदाताओं ने बदलाव का निर्णय लिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे राज्य में विकास को नई गति मिलेगी।
तो वही उज्जैन की बंगाली कॉलोनी में भी भाजपा की बढ़त को लेकर उत्सव का माहौल देखा गया। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से शंख बजाकर खुशी जताई और सामूहिक रूप से जश्न मनाया। स्थानीय स्तर पर भी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
देश के पांच राज्यों पश्चिम बंगाल (294 सीट), तमिलनाडु (234 सीट), केरल (140 सीट), असम (126 सीट) और पुडुचेरी (30 सीट) की कुल 824 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है। रुझानों में भाजपा को कई राज्यों में बढ़त मिलती दिखाई दे रही है, जिसके चलते पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित