कोलकाता , मई 05 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मुख्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

पार्टी द्वारा जारी एक आधिकारिक सूचना के अनुसार ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। ये दोनों वरिष्ठ नेता नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें विधायक दल के नेता (मुख्यमंत्री) का औपचारिक रूप से चुनाव किया जाएगा।

श्री अमित शाह जैसे कद्दावर नेता को पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाना दर्शाता है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व बंगाल में पहली बार सरकार गठन और सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया को कितनी गंभीरता से ले रहा है।

सूत्रों के मुताबिक नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह नौ मई को हो सकता है, हालांकि इस पर अंतिम निर्णय दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित