बेतिया , नवंबर 04 -- िहार के पश्चिम चम्पारण जिले का स्थापना दिवस आगामी 12 नवंबर को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रभातफेरी, वृक्षारोपण, फैंसी फुटबॉल मैच और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। समारोह के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिला स्थापना दिवस पश्चिम चम्पारण की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत तथा गौरवशाली पहचान को स्मरण करने का अवसर है। इसे जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए।
उन्होंने स्थापना दिवस के लिए आकर्षक एवं विशिष्ट लोगो तैयार कराने का निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए जिलेवासियों से लोगो आमंत्रित किये जाएं। प्राप्त लोगो में से चयनित लोगो बनाने वाले प्रतिभागी को समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के विकास और प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उत्कृष्ट पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिये।
बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा, अमरेन्द्र कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ आलोक, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार, एनईपी पदाधिकारी पुरुषोत्तम त्रिवेदी, डीपीओ कविता रानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित