बेतिया , जून 22 -- पश्चिम चम्पारण के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुमार गौतम ने सोमवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया और कहा कि जिले में भयमुक्त वातावरण बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
श्री गौतम ने पदभार संभालने के बाद जिले के विभिन्न अनुमंडलों के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीपीओ) के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बैठक में एसएसपी ने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी तथा आम लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उन्हें त्वरित न्याय दिलाना है।
एसएसपी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि आम जनता का पुलिस पर विश्वास बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी तथा उसकी शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
श्री गौतम ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाएगा तथा जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए सभी पुलिस पदाधिकारी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करेंगे। अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार पुलिस की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
एसएसपी ने अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित