बेतिया , अक्टूबर 26 -- बिहार सरकार के कायाकल्प संकल्प अभियान के तहत पश्चिम चंपारण जिले की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 330 योजनाओं का चयन किया गया है, जिनमे 210 योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।
निदेशक पुरुषोत्तम त्रिवेदी नेइन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय जरूरतों और विकास की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों की योजनाओं का चयन किया गया है। इनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने बताया कि चयनित योजनाओं के तहत विद्यालयों में चहारदीवारी, अतिरिक्त कमरों और किचन शेड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चहारदीवारी सहित अन्य जरूरी कार्य किए जाएंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के साथ वहां पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, बगहा में 23, बैरिया में 25, भीतहां में आठ, चनपटिया में 26, गौनाहा में 15, जोगापट्टी में 41, लौरिया में 19, मधुबनी में आठ, मैनाटांड़ में 13, मझौलिया में 28, नरकटियागंज में 26, नौतन में 36, पिपरासी में तीन, रामनगर में छह, बगहा-2 में आठ, सिकटा में 39 और ठकराहां में छह योजनाएं चयनित की गई हैं।
प्रशासन ने कुछ योजनाओं को 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जबकि शेष योजनाओं को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित