बेतिया , जून 25 -- िहार के पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने सात युवकों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अजीत कुमार ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बेखबरा बिन टोली वार्ड संख्या-07 में कुछ युवक हथियारों के साथ एकत्र होकर किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नितेश कुमार, बिरजन कुमार, मिंटू कुमार, रंजीत कुमार, श्री मुखिया,ललबाबू कुमार और दिनेश कुमार के रूप में की गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से एक देशी कट्टा, दो कारतूस, एक चाकू तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद हथियार और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया है।उन्होंने कहा कि इस संबंध में मझौलिया थाना कांड संख्या 565/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित