बेतिया , जून 29 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में जिला सूचना इकाई (डीआईयू) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के धोबनी गांव निवासी बेचू राम के रूप में हुई है। जिला सूचना इकाई के प्रभारी रमेश कुमार शर्मा को सूचना मिली थी कि बेचू राम ने गांजा छिपाकर रखा है। सूचना के सत्यापन के बाद डीआईयू और लौरिया थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से उसके घर पर छापेमारी की।

सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पोखरा के समीप दिनेश राम उर्फ टेंगाड़ी राम की झोपड़ी में एक बोरे में छिपाकर रखा गया दो किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। छापेमारी के दौरान अंचल राजस्व अधिकारी राहुल अग्रवाल मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति में बरामद गांजा का वजन कराया गया।

लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित