बेतिया , अक्टूबर 14 -- पश्चिम चंपारण जिले में बाढ़ से फसल क्षति झेलने वाले 437 किसानों के बैंक खातों में कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत 21 लाख 69 हजार 396.30 रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गयी है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अतिवृष्टि और नदियों के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि से फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर प्रभावित किसानों को यह सहायता दी गयी है। ये किसान बाढ़ के शुरुआती दौर में प्रभावित हुए थे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के 2,48,704 प्रभावित किसानों के बैंक खातों में कुल 112.52 करोड़ रुपये की अनुदान राशि हस्तांतरित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव तथा आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा भी उपस्थित थे।
जिले में तटबंध टूटने और अतिवृष्टि से प्रभावित अन्य किसानों की सूची को मंजूरी देने की प्रक्रिया चल रही है। सूची स्वीकृत होने के बाद पात्र किसानों को नियमानुसार अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित