बेतिया , अक्टूबर 25 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त ग्राम पंचायतों के निर्माण पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों की विकास प्रक्रिया में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए सार्थक संवाद स्थापित करना था।

जिले की सभी पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन और सामुदायिक भवनों में किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के मन की बात के 139वें संस्करण का प्रसारण भी किया गया, जिसे ग्राम सभा में मौजूद लोगों ने सुना।

अक्टूबर माह के पंचायत विकास दिवस की थीम स्वच्छ एवं हरित ग्राम पंचायत निर्धारित की गई है। इसके तहत प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जैव विविधता को बढ़ावा देने, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग, अपशिष्ट प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन के अनुकूल सतत विकास को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों से विकास संबंधी सुझाव एवं स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। प्राप्त सुझावों की सूची तैयार कर निश्चय पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, जिससे संबंधित विभागों के समन्वय से समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।

इस अवसर पर बैरिया प्रखंड की मियापुर ग्राम पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुखिया, जिला पंचायती राज पदाधिकारी और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने के साथ पंचायतों को पारदर्शी, जवाबदेह और सशक्त बनाना है।

प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम ग्रामीणों को विकास योजनाओं से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। इससे स्थानीय जरूरतों और सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर पंचायत की विकास योजनाओं में शामिल करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित