बेतिया , जुलाई 12 -- िहार में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बाइक की डिक्की से 5.5 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने रविवार को बताया कि कटैया बाजार में लौरिया, योगापट्टी और बगहा मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पीछा कर दोनों को पकड़ लिया गया।उन्होंने बताया कि प्रभारी अंचलाधिकारी राहुल कुमार अग्रवाल की मौजूदगी में बाइक की डिक्की की तलाशी ली गई, जिसमें 5.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान योगापट्टी थाना क्षेत्र के नवलपुर के खैरटिया निवासी दीपू कुमार तथा कटैया बाजार निवासी अलीमुद्दीन बैठा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री करने की बात स्वीकार की है।पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित