बेतिया , जून 20 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया-मोतिहारी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-727) पर सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, तथा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि बानूछापर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 निवासी गुलशन कुमार यादव, चेतन कुमार और विशाल कुमार शुक्रवार की रात एक ही बाइक पर सवार होकर मझौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव से बारात समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नानोसती के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गुलशन कुमार यादव और चेतन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित