बेतिया , जुलाई 30 -- पश्चिम चंपारण जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित पौधारोपण लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से गुरुवार को 10 लाख पौधारोपण अभियान का शुभारंभ तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने किया।
आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि पर्यावरण संकट से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। इससे जल संरक्षण, जल संचय, पर्यावरण संतुलन तथा आजीविका के साधनों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बच्चों में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने पर बल दिया।
पश्चिमी चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि जिलेभर में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ कर दिया गया है, जो लगातार जारी रहेगा। उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों और वन पोषकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने बताया कि जिले में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत 7.27 लाख पौधे सीधे रोपे जाएंगे, जबकि लगभग ढाई लाख पौधे सीड बॉल तकनीक के माध्यम से लगाए जाएंगे, जिससे वर्षा के दौरान बीज प्राकृतिक रूप से अंकुरित होकर पौधों का रूप ले सकेंगे।
कार्यक्रम में निदेशक पुरुषोत्तम त्रिवेदी, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी, रामदयालु सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय के प्राचार्य, पंचायत रोजगार सेवक एवं वन पोषक उपस्थित थे। अंत में निदेशक पुरुषोत्तम त्रिवेदी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित